1576 स्कूलों को छह करोड़ की कंपोजिट ग्रांट
फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में साफ-सफाई दुरुस्त रखने के उपकरण व अन्य कार्य कराने को प्रदेश सरकार ने कंपोजिट ग्रांट के तहत 6 करोड़ 16 लाख 88 हजार रुपये का बजट दिया है। ये बजट प्रत्येक विद्यालय में छात्र संख्या के आधार पर भेजा जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग के जिले में 565 जूनियर और 1290 परिषदीय विद्यालय हैं। शासन के आदेश पर एक परिसर में चलने वाले विद्यालयों का संविलयन किया गया है। अब जिले में 999 प्राइमरी, 318 जूनियर स्कूलों के अलावा 259 संविलयित स्कूल हैं। इस प्रकार अब स्कूलों की संख्या 1855 के स्थान पर 1576 हो गई है। इन स्कूलों में स्वच्छता संबंधी सामग्री के अलावा अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने को प्रदेश सरकार ने कंपोजिट ग्रांट के तहत 6 करोड़ 16 लाख 88 हजार रुपये का बजट दिया है।
यह धन स्कूलों में छात्र संख्या के आधार पर भेजा जाएगा। किस विद्यालय के एसएमसी खाते में कितना धन भेजा जाना है इसकी सूची तैयार कर ली गई है। 999 प्राथमिक विद्यालयों में 3 करोड़ 54 लाख 75 हजार रुपये भेजे जाएंगे। 318 जूनियर स्कूूूलों में 96 लाख रुपये और संविलयित 259 स्कूलों में एक करोड़ 31 लाख 75 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
इस प्रकार कुल 5 करोड़ 82 लाख 50 हजार रुपये कंपोजिट ग्रांट के तहत स्कूलों के एसएमसी खातों में छात्र संख्या के आधार पर भेजा जाएगा। बकाया धन विभागीय खाते में रहेगा। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि कंपोजिट ग्रांट की धनराशि जल्द सभी स्कूलों के एसएमसी खाते में भेज दी जाएगी।