चकरोड व नाली पर कब्जे की शिकायतें ज्यादा
फर्रुखाबाद। समाधान दिवस पर चकरोड, नाली व भूमि पर कब्जा करने की शिकायतों की भरमार रही। फतेहगढ़ कोतवाली व मऊदवाजा थाने में डीएम व एसपी ने शिकायतों के निरस्तारण के निर्देश दिए। चुनाव के चलते पुलिस कर्मियों को छोटे विवादों को भी गंभीरता से लेकर निपटाने का पाठ पढ़ाया।
फतेहगढ़ कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में डीएम मानवेद्र सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा व सीओ सिटी राजवीर सिंह पीड़ितों की फरियादें सुनने पहुंचे। गांव रम्पुरा निवासी वीरेंद्र सिंह ने चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने लेखपाल हरिकृष्ण व अशोक त्रिपाठी को पुलिस के साथ रवाना किया। मौके पर गई टीम ने अवैध कब्जा हटवा दिया।
गांव याकूतगंज निवासी जितेंद्र सिंह ने गांव के ही शमशाद हुसैन के खिलाफ चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने वहां भी पुलिस व राजस्व की टीम को भेजा। मोहल्ला नवदिया निवासी जागेश कुमार ने पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। डीएम के आदेश पर लेखपाल गौरव अग्निहोत्री ने मौके पर जाकर पैमाइश कर विवाद का हल कर दिया। गांव हुसैनपुर नौखंडा निवासी लाला ने गांव के अनिल कुमार के खिलाफ चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत की। एसपी ने टीमों को मौके पर भेजा।
इससे पहले एसपी व डीएम ने थाना मऊदरवाजा में फरियादें सुनीं। वहां पांच प्रार्थना पत्र पहुंचे थे। इसमें चार का निस्तारण कर एक के लिए पुलिस व राजस्व टीम को भेजा गया। शहर कोतवाली में चार शिकायतें आई। इसमें एक का निस्तारण कर दिया गया। बाकी राजस्व से संबंधी शिकायतों के लिए टीमें भेजी गईं।
जहानगंज थाने में एसडीएम सदर अनिल कुमार की मौजूदगी में गांव झसी निवासी सुरेंद्र बाबू दीक्षित ने गांव के ही ग्रामीण के खिलाफ चकरोड पर अतिक्रमण करने, गांव महरूपुर खार निवासी धीरेंद्र ने गांव के ही ग्रामीण के खिलाफ होली की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की। दोनों मामलों में राजस्व व पुलिस की टीमों को भेजा गया। उधर मोहम्मदाबाद कोतवाली में सीओ सोहराब आलम में ने लोगों की फरियादें सुनीं। चार शिकायतों में एक का निस्तारण कर दिया गया।
कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह ने थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। नारायनपुर गढ़िया के निवर्तमान प्रधान हैप्पी कटियार ने पंचायत घर की भूमि का चिह्नांकन करने के संबंध में प्रार्थनापत्र दिया। नसरतपुर निवासी कासिम ने चकरोड की पैमाइश कराने की फरियाद रखी।
रजीपुर निवासी संजय सिंह ने खेत पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। गांव भीखा नगला निवासी शमशाद ने भूमि पर पड़ोसियों द्वारा घूरा डालने के संबंध में शिकायती पत्र दिया। प्रभारी निरीक्षक ने राजस्व कर्मियों की अलग-अलग टीम को मामलों के निस्तारण करने के आदेश दिए।