फर्रुखाबाद। राजेपुर के गांव सलेमपुर में दो पक्षों में हुई फायरिंग के मामले में एक पक्षीय कार्रवाई होने से नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने सीओ अमृतपुर की खिलाफत करनी शुरू कर दी है। बुधवार को पीड़ित परिवार के लोग सीओ के खिलाफ कलक्ट्रेट पर क्रमिक अनशन पर बैठ गए। इन्होंने सीओ पर फरियाद लेकर जाने पर भगाने का आरोप लगाया है।
सलेमपुर निवासी मुन्नूलाल मिश्र बुधवार को परिवार के अन्य लोगों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। इन लोगों ने डीएसओ कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। मुन्नूलाल मिश्र ने डीएम और एसपी को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा कि गांव में उसके और रमाकांत के बीच 7 मई की शाम को फायरिंग हुई थी।
इसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हुए थे। पुलिस ने रमाकांत के पुत्र दीपक मिश्र की तहरीर पर एक पक्षीय रिपोर्ट दर्ज की। जब उसने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी तो एसओ ने लिखने से मना कर दिया।
इसकी शिकायत 16 मई को एसपी से की। एसपी ने सीओ अमृतपुर कालूराम दोहरे से रिपोर्ट मांगी। वह परिजनों को साथ लेकर अपनी व्यथा बताने के लिए सीओ कालूराम दोहरे से मिलने पहुंचे।
सीओ ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। तब एक नंबर भरोसे पर शिकायत दर्ज कराई। 17 मई को तहसील दिवस में डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने एएसपी को जांच के आदेश दिए।
पीड़ित ने जवाबी एफआईआर दर्ज कराने, सीओ अमृतपुर के खिलाफ जांच कराने समेत पांच मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। क्रमिक अनशन के दौरान सुमित मिश्र, रेनू त्रिपाठी, माधुरी तिवारी, मीना शुक्ला, पूजा मिश्रा, कमला मिश्रा, किशोरी देवी, वंदना मिश्रा, अभिषेक मिश्र, किरन मिश्रा, बबली मिश्रा मौजूद रहीं।