फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में शनिवार देर रात सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार निजी कार से अचानक इमरजेंसी जा पहुंचे। उन्हें तीन युवक बिना यूनिफार्म और आईकार्ड डाले मरीजों का इलाज करते दिखे। मौका पाकर दो युवक भाग गए, मगर एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि अब रोजाना औचक निरीक्षण किया जाएगा। दलालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
लोहिया अस्पताल में अमर उजाला ने 30 नवंबर को डॉक्टरों संग इलाज कर रहे दलाल शीर्षक से प्रमुखता से फोटो सहित खबर प्रकाशित की थी। जिलाधिकारी की सख्ती के बाद शनिवार देर रात सीएमओ निजी वाहन से अचानक इमरजेंसी पहुंचे। वहां भर्ती मरीजों का तीन युवक इलाज कर रहे थे। उन्होंने जैसे ही यूनिफार्म और आईकार्ड मांगा, तो मौका पाकर दो युवक रफूचक्कर हो गए।
एक युवक अंदर इंजेक्शन भर रहा था, उसे सीएमओ ने पकड़ लिया। उसे अस्पताल चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। बिना एप्रन ड्यूटी कर रहे ईएमओ और फार्मासिस्ट को भी खरीखोटी सुनाईं। एक भी गार्ड ड्यूटी पर नहीं मिला।
सीएमओ ने आर्थो वार्ड में ड्यूटी स्टाफ नर्स से अन्य स्टाफ और गार्ड के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि ऊपर किसी गार्ड की ड्यूटी नहीं लगती। वह सर्जिकल वार्ड में भी घूमने गए। अधिकतर मरीज घरों से लाए कंबल, रजाई ओढ़े दिखे। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में हर हाल में दलालों को दूर किया जाएगा। अब बिना बताए अस्पताल में छापेमारी होगी। अब सीधे पुलिस को सौंपा जाएगा। गार्डों को हटाया जाएगा।
शराब पीने के मामले में नाम जुटाए
अस्पताल के सामने शराब पीकर डांस करने का मामला संज्ञान में आने पर सीएमओ ने शामिल कर्मियों के नाम भी पता किए। सीएमओ ने बताया कि वह अपनी आख्या जिलाधिकारी को सौंप देंगे। जो लोग शामिल थे, उनके नाम व पदनाम पता चल गए हैं।
इंटर्नशिप प्रभारी ने थाने से छुड़ाया छात्र
सीएमओ की ओर से पकड़कर पुलिस को सौंपे गए युवक को अस्पताल के इंटर्नशिप प्रभारी सतेंद्र कुमार थाने से छुड़ा लाए। उन्होंने पुलिस को इंटर्नशिप में होने की पत्रावली दी। बताया कि उसे बिना यूनिफार्म व आईकार्ड के काम न करने की हिदायत दे दी है।