फर्रुखाबाद। शहर की लकूला गिहार बस्ती में रुपयों के लेन-देन के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों, सरिया व ईंट पत्थर चलने से कई लोग लहूलुहान हो गए। कुछ दबंगों ने फतेहगढ़ स्टेशन पहुंचकर कीमैन पर हमला बोलकर घायल कर दिया। थाने पहुंची भीड़ में हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस ने लाठी फटकार कर भगाया। 13 घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला शांतिनगर पजाबा निवासी नेत्रपाल गिहार और लकूला के संजू में रुपयों के लेन-देन का विवाद चल रहा है। इसी के चलते बुधवार सुबह नेत्रपाल और संजू पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। बस्ती में जमकर लाठी-डंडे, सरिया और ईंट पत्थर चले। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग लहूलुहान हो गए। गिहार बस्ती के तमाम महिला पुरुष थाने जा पहुंचे। वहां गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई।
इस पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाने से एक पक्ष के युवा बाइकों से फतेहगढ़ स्टेशन पर कीमैन पद पर तैनात नेत्रपाल के पास पहुंचे। उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ पुलिस ने नेत्रपाल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
कादरीगेट पुलिस ने नेत्रपाल पक्ष के क्षेत्रपाल, उदयपाल, अमरपाल, पायल, काजल और रेखा तथा दूसरे पक्ष से संजीव, शिवकुमार, पवन, लक्ष्मी, सुशीला देवी व प्रिया का डॉक्टरी परीक्षण कराया।
इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष के संदीप (45), शिवकुमार (45), पवन (32) व दूसरे पक्ष के अमरपाल (30), क्षेत्रपाल (22), उदयपाल (20), सत्यपाल (24) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। अन्य दोषियों की तलाश की जा रही है।