फर्रुखाबाद। पांच वर्ष पहले लापता हुए रिटायर्ड फौजी का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। कुछ दिनों पहले फेसबुक पर रिटायर्ड फौजी की फोटो वायरल हो गई। मध्य प्रदेश से एक परिवारी युवती ने फोटो रिटायर्ड फौजी की पत्नी को भेजी। फोटो के साथ में कुछ नंबर भी लिखे थे। बात करने पर उधर से बोलने वाले ने अपना पता जिला नागौर बताया और रिटायर्ड फौजी को बीमार होने की जानकारी दी। गुरुवार को फौजी के पिता ने एसपी से पुत्र को सकुशल वापस करवाने की गुहार लगाई है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू फौजी कालोनी निवासी जयवीर सिंह ने गुरुवार को एसपी डॉ. अनिल मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर लापता फौजी पुत्र की तलाश करने की गुहार लगाई। इसमें बताया कि पुत्र उमेश कुमार(42) सेना से रिटायर्ड हैं। वह 15 फरवरी 2015 को अचानक कहीं चला गया। तलाशने पर भी उसका पता नहीं चला था। पुलिस ने तहरीर देने पर गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने कुछ दिन प्रयास किया और बाद में जांच ठंडे बस्ते में डाल दी है। कुछ दिनों पहले लापता उमेश की फोटो बीमारी हालत में चारपाई पर लेटे हुए फेसबुक पर वायरल हुई।
फोटो के नीचे दो मोबाइल नंबर लिखे थे। फोटो डालने वाले ने बीमार के इलाज के लिए लोगों से मदद के नाम पर रुपये भेजने की गुहार लगाई थी। मध्य प्रदेश रह रही परिवार की एक युुवती ने फोटो देखकर लापता रिटायर्ड फौजी की पत्नी के मोबाइल पर वह फोटो भेज दी। इस पर घर के लोगों ने पुरानी फोटो से मिलान किया। जब उन नंबर पर बात की तो उधर से बोलने वाले ने अपना पता जिला नागौर बताया है। लेकिन वह वीडियो काल नहीं कर रहा है। इस पर पिता ने एसपी से पुत्र के सकुशल बरामदगी को लेकर गुहार लगाई है। एसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल के अलावा सर्विलांस टीम को जांच करने के आदेश दिए हैं।