शमसाबाद। क्षेत्र के गांव खुड़नाखार में गुरुवार को कोटेदार चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई। इस दौरान आए कुछ ग्रामीणों ने प्रधान व सेक्रेटरी पर पहले से सूचना न देने का आरोप लगाकर चुनाव का बहिष्कार कर दिया। इससे चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई।
गांव खुड़नाखार से कोटेदार लतीफ खां के एक वर्ष पूर्व इस्तीफा देने के बाद राशन कोटा पड़ोसी गांव लहरा से संबद्ध चल रहा है। गुरुवार को कोटा चयन को बैठक बुलाई गई। प्रधान व सेक्रेटरी के अलावा सहायक विकास अधिकारी आदि भी बैठक में पहुंचे। कोटेदार के सात दावेदार मैदान में आए।
वहीं गांव के कुल 450 कार्ड धारकों में 18 लोग ही बैठक में पहुंच सके। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान व सेक्रेटरी ने उन लोगों को कोटा चयन की कोई सूचना नहीं दी। इसी वजह से कार्डधारक नहीं आए। यह कहते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर कोटा चयन प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। एडीओ पंचायत रमेश सिंह बाथम ने बताया कि कार्ड धारकों के न आने से कोटेदार चयन प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। अगली तिथि निर्धारित कर कोटेदार का चयन कराया जाएगा।