कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करते लेखपाल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। 12 सूत्री मांगों को लेकर लेखपालों की चल रही प्रदेश व्यापी हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। प्रांतीय अध्यक्ष के बर्खास्त किए जाने की लेखपालों ने निंदा की। कहा कि उनकी जायज मांगें न माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
कलक्ट्रेट परिसर में सातवें दिन भी लेखपालों का धरना जारी रहा। कहा कि मांगों पर शासन से बार-बार आश्वासन के बावजूद शासनादेश जारी नहीं किया गया। वेतन विसंगति भी दूर नहीं की जा रही है। दशकों से यात्रा भत्ता के मात्र 100 रुपये महीने दिए जा रहे हैं। खाली पदों पर न तो भर्ती हो रही और न ही प्रमोशन दिया जा रहा है। अपना हक मांगने पर प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव को बर्खास्त कर दिया गया जो निंदनीय है। अब सरकार ने उत्पीड़नात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। लेखपालों ने एक स्वर में मांगें न माने जाने तक धरना जारी रखने का एलान किया।