फर्रुखाबाद। नगरपालिका में कान्हा गोशाला के निर्माण को एक करोड़ 66 लाख रुपये स्वीकृत हैं। शहर में पर्याप्त भूमि न होने से नगरपालिका ईओ ने मंगलवार को मोहम्मदाबाद के गांव सकवाई में भूमि देखी। फिलहाल पांच एकड़ भूमि गोशाला निर्माण को पर्याप्त बताई जा रही है।
नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद में कान्हा गोशाला का निर्माण कराया जाना है। शहर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है, इससे ग्रामीण क्षेत्र में भूमि तलाशी जा रही थी। मंगलवार को ईओ रश्मि भारती ने एसडीएम सदर अनिल कुमार के साथ मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सकवाई में पांच एकड़ ऊसर भूमि देखी। फिलहाल यह भूमि गोशाला के लिए उपयोगी मानी जा रही है। अधिशासी अधिकारी रश्मि भारती ने बताया कि शासन से एक करोड़ 66 लाख रुपये स्वीकृत हैं। सकवाई में देखी गई भूमि पर्याप्त है। इसके लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव दिया जाएगा। स्वीकृत होने पर एस्टीमेट बनने के बाद लागत का आकलन कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।