पांच नामित सभासदों को सिटी मजिस्ट्रेट ने दिलाई शपथ
फर्रुखाबाद/कायमगंज। शासन से नगर पालिका परिषद में नामित पांच सभासदों को सिटी मजिस्ट्रेट ने शपथ दिलाई। शासन ने भाजपा नगर अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, रामकुमार राठौर, रामभरोसे सिंह चक, भप्पू सोनी और राजरानी सैनी को पालिका सभासद के लिए नामित किया है। सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने पांचों सभासदों को मंगलवार को शपथ दिलाई।
सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. भूदेव राजपूत, ईओ रश्मि भारती व सभासद मौजूद रहे। संचालन नसीम जावरी ने किया।
सत्तारूढ़ दल के सभी बड़े नेता और अधिकारियों के सामने शपथ ग्रहण समारोह में सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई गईं। लापरवाही की सीमाएं तो तब खत्म हो गईं, जब संचालक बड़े बाबू नसीम जावरी के बार-बार कहने पर भी किसी ने उचित दूरी नहीं बनाई। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट ने जब सभासद राजरानी सैनी को शपथ दिलानी शुरू की, तो वे बार-बार अशुद्ध शब्द बोलती रहीं। इससे कई बार में शपथ पूरी कराई जा सकी।
कायमगंज संवाद के अनुसार नगर पालिका में शासन से नामित पांच सभासदों को पालिका अध्यक्ष सुनील चक ने शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सभासदों में अमित उर्फ पिंटू राठौर, सुरेंद्र कठेरिया, आदेश अग्निहोत्री, अर्चना चौहान, मंजू अग्रवाल थीं।
सभी नामित सभासदों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। शपथ समारोह में शामिल हुए सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमर सिंह खटिक, पूर्व पालिकाध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल ने कहा कि सभी सभासद नगर में विकास के लिए अपना सहयोग दें। ईओ सीमा तोमर, जेई प्रशांत कुमार, मिथुन कुमार, रामभवन यादव, हेमंत सिंह मौजूद रहे।
सभासदों ने ईओ को लिया आड़े हाथों
फर्रुखाबाद। शपथ ग्रहण के बाद जैसे ही सिटी मजिस्ट्रेट गए वैसे ही रावेश मिश्रा, विपुल शंकर, लल्ला आदि 10-12 सभासदों ने हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी और पालिकाध्यक्ष के सामने ही सभासदों ने ईओ का घेराव कर लिया। उन्होंने ईओ पर मनमानी और विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया।
कहा कि ईओ की वजह से ही शहर के हालात खराब हैं। सभासद मेज के पास आ गए। इस दौरान सांसद भी समझाते रहे, मगर सभासद चुप नहीं हुए। इस पर विधायक ने हस्तक्षेप किया। कहा कि तीन दिन का समय दो। हम खुद सभी लोगों के साथ बैठेंगे। इसके बाद जो भी समस्या होगी, उसका समाधान करवा देंगे। इस पर सभासद शांत हो गए।