तेज हवा और बारिश से शहर व गांवों की बिजली ठप
फर्रुखाबाद। शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ बारिश होने से शहरी व ग्रामीण इलाकों की बिजली ठप हो गई। इसके बाद शनिवार को दिन में रुक-रुककर बारिश होने से 33 व 11 केवी लाइन में कई जगह फाल्ट आ गए। इससे शहरी व ग्रामीण इलाकों की बिजली दिनभर गुल रही। शाम को बारिश थमने पर फाल्टों को ठीक कर बिजली चालू करने का काम शुरू हुआ।
शुक्रवार रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे 33 व 11 केवी लाइन में फाल्ट हो गए। इससे शहरी व ग्रामीण इलाकों की बिजली गुल हो गई। शनिवार सुबह शहरी क्षेत्र के फाल्टों को ठीक कर बिजली चालू की गई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली बंद रही। शनिवार सुबह 11 बजे के बाद से फिर से बारिश शुरू हो गई।
रुक-रुक कर बारिश होने से 11 केवी लाइन के कई इंसुलेटर खराब हो गए। देर शाम को बारिश थमने पर शहरी क्षेत्रों के उपकेंद्रों की लाइनों में आए फाल्टों को ठीक करा कर बिजली चालू कराने का काम शुरू हुआ।
ग्रामीण इलाकों में शमसाबाद, हजियांपुर, नवाबगंज, कायमगंज, कंपिल, जहानगंज, मोहम्मदाबाद और गंगवार पार क्षेत्र के उपकेंद्रों के फाल्ट ठीक नहीं हो पाए। इससे वहां बिजली ठप बनी रही। एक्सईएन ग्रामीण हरिवरन सिंह ने बताया कि बारिश से जो फाल्ट आए हैं, उनको ठीक करवाया जा रहा है। काम पूूरा होने पर ग्रामीण इलाकों को बिजली दी जाएगी।
17 घंटे गुल रही कमालगंज की बिजली
कमालगंज। लाइनों में फाल्ट आने से कमालगंज कस्बा सहित चार फीडरों की बिजली गुल रही। शुक्रवार रात 10 बजे तेज हवा व पानी शुरू होते हो विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। तेज हवा से फतेहगढ़ से याकूतगंज के बीच में 33केवी की लाइन में फाल्ट हो गया। शनिवार सुबह 6 बजे से ही अवर अभियंता 12 कर्मचारियों के साथ लाइन को ठीक करने में लग गए।
महरूपुर सहजू के निकट भट्ठे के पास भी फाल्ट हो गया था। कस्बे की नई बस्ती में पेड़ की डाल टूट कर तारों पर गिरने से फाल्ट हो गया था। करीब साढ़े 17 घंटे बंद रहने के बाद दोपहर 3.30 बजे कमालगंज की बिजली चालू हुई।
अवर अभियंता सुजीत कुमार गिरी ने बताया कि कस्बे की बिजली चालू कर दी गई है। कोहरापुर, कैंटाह, खुदागंज व गदनापुर फीडर ब्रेक डाउन हैं। इन फीडरों पर लाइन चेक कराने के बाद जल्द चालू कर दिया जाएगा।