कायमगंज। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से सोमवार को गांव सिनौली तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। सैकड़ों बीघा मक्का की फसल जलमग्न हो गई। साथ ही विद्यालय में पानी भरने से बच्चों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है।
सिनौली के परिषदीय विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से पठन-पाठन प्रभावित हो गया। नोडल अधिकारी विक्रांत पाठक ने बताया कि बच्चों को गांव के दूसरे प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। पंचायत सचिवालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी पानी से घिर गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने पर पानी आबादी तक पहुंच सकता है।
पचरौली महादेवपुर सींगनपुर, अलीगढ़ और सूखा नगला गांव के निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। गांव में पानी भरने से लोगों को आवागमन के लिए कड़ाही का सहारा लेना पड़ रहा है। किसान अधपकी मक्का की फसल काटने में जुटे हैं।
तहसीलदार हर्षित सिंह ने बताया कि क्षेत्र के 10 राजस्व ग्राम सहित 12 मजरे बाढ़ प्रभावित हैं। बचाव कार्य के लिए 15 नाव और एक स्टीमर लगाया गया है। गांव झौआ में संपर्क मार्ग कटने से मंगलवार को वहां भी स्टीमर भेजा जाएगा।