फर्रुखाबाद। रक्षा संपदा दिवस व कैंट जूनियर हाईस्कूल के वार्षिकोत्सव पर बच्चों ने जमकर मस्ती की। छावनी बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने बच्चों व खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बच्चों ने देश मेरा रंगीला, नचदी देख के पर गिद्दा नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। ढोल बाजे नगाड़े संग, सिलसिला ए चाहत का, मायके नहीं जाऊंगी आदि गानों पर बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत करते मौजूद लोगों को ताली बचाने पर मजबूर कर दिया। फैशन शो में बच्चों ने रंग बिरंगी पोशाकें पहनकर जलवा बिखेरा।
ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने मेरठ में हुई शिखर एथलीट मीट 2015 की 3000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले नाहिद, 800 और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले विनीत, 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले शिवम, 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली गीता और बैडमिंटन में गोल्ड जीतने वाली सुननैना को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
ब्रिगेडियर ने कहा ज्ञान एक महाशक्ति है। इसके बिना सभी कमजोर हैं। अल्प ज्ञान घातक विष के समान होता है। उन्होंने कहा कि अभ्यास करने से ही किसी कार्य में पारंगत हो सकते हैं। कार्यक्रम में छावनी परिषद की सीईओ विनीता देशपांडेय, सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के एडज्यूटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल इंद्रजीत सिंह, मिथलेश, राघव मिश्रा, अनवर जमाल सिद्दीकी, विपुल शर्मा, वीरपाल सिंह, शैलेश, अवर अभियंता एसके सेंगर आदि मौजूद रहे।