कायमगंज। बदलते मौसम में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इस बार बुखार में चिकनगुनिया जैसा मांसपेशियों में दर्द हो रहा है। सीएचसी में इलाज के लिए काफी संख्या में इस तरह के मरीज पहुंच रहे हैं। बच्चे भी इस वायरल की चपेट में हैं। खांसी के मरीज भी बढ़ रहे हैं। चिकित्सक मरीजाें से मच्छरों से बचाव करने के साथ ही ठंडा पानी न पीने की सलाह दे रहे हैं।
सीएचसी में 10-15 दिनों से ओपीडी की संख्या 700 से अधिक पहुंच गई है। मंगलवार को यहां आने वाले मरीजों में बुखार खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या 40 प्रतिशत रही। अधिकतर मरीज हाथ-पैर, कमर, गर्दन, पीठ और मांसपेशियों में दर्द अधिक बता रहे हैं। ऐसा चिकनगुनिया में होता था।
राहत की बात है कि समय पर दवाएं शुरू होने पर तीन से पांच दिन में ठीक हो रहा है। खांसी और खराश कई दिनों तक परेशान कर रही है। सीएचसी के डॉ. जितेंद्र बहादुर ने बताया कि अगर बुखार आ रहा है तो गुनगुने पानी से शरीर को पोंछने पर रक्त नलिकाओं में सिकुड़न कम होती है। रक्त संचार तेजी से होने लगता है। शरीर पर लगा गुनगुना पानी भाप बनकर उड़ता है। इससे ताप भी कम होता है।