फर्रुखाबाद/जहानगंज। कोरीखेड़ा निवासी बालक का अपहरण कर की गई हत्या के मामले में पुलिस अब खुलासे के करीब है। स्पेशल टीम ने शनिवार दो गांवों में साक्ष्य खंगाले। देर शाम पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल नजदीकी पर शक की सुई गहराती जा रही है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता का पुत्र आशुतोष (10) की 10 दिसंबर को अपहरण के बाद 14 दिसंबर को हत्या कर शव आलू के खेत में फेंक दिया गया था। मां ने 11 लोगों के खिलाफ तहरीर देकर भूमि विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया था। 21 दिन बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी। इस पर एसपी आरती सिंह ने 25 दिसंबर को 6 सदस्यीय स्पेशल टीम गठित कर नए सिरे से जांच कर खुलासा करने के आदेश दिए थे। अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक रामअवतार की अध्यक्षता में उपनिरीक्षक आनंद शर्मा, आरक्षी मुनेंद्र सिंह, सर्विलांस सेल, एसओजी व थाना पुलिस शनिवार को निजी वाहनों से गांव कोरीखेड़ा व इससे दो किमी दूर स्थित गांव पंजूखिरिया में गहनता से छानबीन की। बताया जा रहा है कि पुलिस घटना में अहम साक्ष्य मिले हैं। कुछ नजदीकी लोगों पर शक की सुई गहराती जा रही है। दिन भर चली छानबीन की कवायद के बाद देर शाम पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे गोपनीय तरीके से पूछताछ चल रही है। फिलहाल पुलिस अभी तक किसी बात का खुलासा नहीं कर रही है। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं। कई बिंदुओं पर गहनता से जांच कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास चल रहा है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।