फर्रुखाबाद। स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव में दावेदारी करने के लिए शनिवार को छिबरामऊ के अधिवक्ता व पालिका सभासद मनोज कुमार समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन कक्ष से अपर जिलाधिकारी नदारद थे। कर्मचारियों ने इनसे सोमवार को नामांकन कराने केे लिए कहा। इस पर समर्थकों में नाराजगी फैल गई। इन्होंने नामांकन कक्ष के सामने धरने पर बैठने की चेतावनी दे डाली। इसके बाद एडीएम आनन-फानन में कलेक्ट्रेट पहुंचे। मनोज कुमार ने नामांकन पत्र के दो सेट दाखिल किए हैं।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी अधिवक्ता मनोज कुमार नगर पालिका के सभासद और प्रधानोें के साथ शनिवार को एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन कराने कलेक्ट्रेट में पहुंचे। अधिकारियों के नामांकन कक्ष में मौजूद न होने पर कर्मचारियों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कहा। मनोज कुमार के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अड़ जाने पर कर्मचारियों ने एडीएम को मोबाइल पर इसकी जानकारी दी। एडीएम ने भी सोमवार को आने के लिए कह दिया।
इस पर उम्मीदवार के समर्थक भड़क गए। इन्होंने धरने पर बैठने की चेतावनी दे डाली। इससे एडीएम मनोज सिंघल को अवगत कराया गया। हंगामे की आशंका पर अपर जिलाधिकारी तत्काल कलेक्ट्रेट पहुंचे। एमएलसी उम्मीदवार मनोज कुमार ने नामांकन के दो सेट दाखिल किए। इस दौरान हरिशरण, नीलम सविता, अग्निवेश, तरुण कुमार, वंदना, सावित्री पांडेय, संगीता, जितेन्द्र शर्मा, अरुण कुमार और सुनीता यादव, सुनील दुबे , विमल पांडेय, पंकज मिश्रा आदि मौजूद रहे।
50 हजार नगद, 50 हजार के जेवर
मनोज कुमार ने हलफनामे में खुद के पास नगद में 50 हजार रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा छिबरामऊ के खाते में 4000 रुपये व 50 हजार रुपये के जेवर दिखाए हैं। इसके साथ ही 10 बीघा कृषि योग्य भूमि और इंद्रा नगर में पक्के मकान की जानकारी दी है।