इनाम का लालच देकर सैन्यकर्मी से ठगी
फर्रुखाबाद। इनाम का लालच देकर साइबर ठग ने सैन्यकर्मी से एक लाख रुपये ठग लिए। ठगी का एहसास होने पर सैन्यकर्मी ने एसपी से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला निवासी दिवेन्दुमल राजपूत रेजिमेंट सेंटर फतेहगढ़ में कार्यरत हैं। 10 मार्च को उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि आप इनाम जीते हैं, रजिस्ट्रेशन के लिए बैंक खाते में चार हजार दो सौ 50 रुपये जमा करने होंगे। दिवेन्दुमल ने रुपये जमा कर दिए।
इसके बाद टीडीएस चार्ज, जीएसटी चार्ज, इंटर सिटी चार्ज, क्यू चार्ज, आईटीएस चार्ज, क्लीयरेंस चार्ज के नाम पर कई बार में एक लाख एक हजार 300 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद भी रुपये मांगे जाते रहे। ठगी का एहसास होने पर दिवेन्दुमल ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच दरोगा दिनेश यादव की दी गई है। उन्होंने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया है।