फर्रुखाबाद। शिक्षक आत्महत्या कांड मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी है। इससे आरोपितों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजम खां निवासी अनिल कुमार त्रिपाठी प्राथमिक स्कूल झब्बूपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। जनवरी 2016 में फर्जी दस्तावेज से भर्ती होने के आरोप में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। हाईकोर्ट ने उन्हें वेतन समेत बहाल करने के आदेश दिए थे।
वेतन न दिए जाने से क्षुब्ध होकर अनिल कुमार त्रिपाठी ने सितंबर 2023 को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में उनके पुत्र आशीष त्रिपाठी ने बीईओ कायमगंज गिर्राज सिंह, लिपिक सुरेंद्रनाथ अवस्थी व प्रधानाध्यापक निर्देश गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में प्रधानाध्यापक व लिपिक को निलंबित किया जा चुका है, जबकि बीईओ गिर्राज सिंह ने आत्मसमर्पण किया था।
लिपिक कोर्ट से अग्रिम जमानत ले आए हैं। एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी कायमगंज रामअवतार ने 18 अप्रैल को सीजेएम न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। थाना प्रभारी रामअवतार ने बताया कि चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। मृतक के पुत्र आशीष त्रिपाठी ने बताया कि बीते दिन चार्जशीट दाखिल की गई। शुक्रवार को कोर्ट ने सुनवाई भी की।