नवाबगंज। सुनार के यहां गिरवी रखी सोने की जंजीर छुड़ाने जा रहे ग्रामीण की बाइक से 50 हजार रुपये व मोबाइल से भरा झोला लेकर टप्पेबाज चंपत हो गए। ग्रामीण ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव दुनाया निवासी शैलेंद्र सिंह ने कुछ माह पहले सुनार के यहां सोने की जंजीर गिरवी रखी थी। मंगलवार को शैलेंद्र सुनार के यहां गिरवी रखी जंजीर छुड़ाने के लिए घर से निकला था। उसने बाइक में लटके झोले में 50 हजार रुपये व मोबाइल रख लिया।
शैलेंद्र दुनाया मार्ग पर गैस एजेंसी के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका करने लगा। उसी दौरान टप्पेबाज रुपये व मोबाइल रखा झोला लेकर चंपत हो गई। बाइक से झोला गायब देखकर शैलेंद्र के होश उड़ गए। उसने इधर-उधर खोजबीन की, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। शैलेंद्र ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद थाने आकर अज्ञात युवकों के खिलाफ टप्पेबाजी करने की तहरीर दी। पुलिस ने पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। (संवाद)