कायमगंज (फर्रुखाबाद)। बाईपास रोड स्थित कुबेरपुर मार्ग पर तंबाकू निर्माता के दो गोदामों पर सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) की टीम ने बुधवार को कानपुर से आए अधीक्षक आरएस देवल के नेतृत्व में छापा मारा। व्यापारी पर कर चोरी का आरोप बताया जा रहा है। तंबाकू व्यापारी की गोदामों के अलावा गैर जनपद के कुछ डीलरों के यहां छानबीन की गई। देर रात तक जांच की कार्रवाई चलती रही।
नगर के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी आफताब की मुंशी छाप व उनके छोटे भाई सरवर की ताज छाप तंबाकू का निर्माण बाईपास रोड स्थित कुबेरपुर जाने वाले दो गोदामों में लंबे समय से किया जाता है। दोनों फर्मों की जांच के लिए टीम पहुंची। टीम के सदस्य कई गाड़ियों से घर व गोदाम पर पहुंचे। टीम में महिला अधिकारी भी शामिल हैं।
टीम के सदस्यों को तंबाकू व्यापारी नदारद मिले। शाम को बुलाने पर व्यापारी वहां पहुंचे। टीम व्यापारियों से पूछताछ की। इसके बाद जांच शुरू हुई। बताया गया कि टीम ने व्यापारियों के घर व गोदामों के साथ-साथ उसके गैर जनपदों में कई डीलरों के यहां भी छापा मारा है। हालांकि अभी सीजीएसटी के अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। अधिकारियों के आने की सूचना पर आसपास के मोहल्लों की भीड़ एकत्रित हो गई।
देर शाम अधीक्षक आरएस देवल ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उनको आगे लाया जाएगा। सीजीएसटी को कर चोरी की सूचना मिली थी। इसीलिए छापा मारा गया।