कायमगंज। साहसी बालिका संस्था की टीम ने नवाबगंज क्षेत्र के गांव सिरोली स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दिवाली मनाई। इस पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखी। टीम ने उपहार और मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। साहसी बालिका टीम की लीडर खुशबू मिश्रा और शिल्की मिश्रा ने बुजुर्गों को गर्म शॉल, टोपी, खील, खिलौने, मिठाइयां और ताजे फल दिए। उन्होंने मोमबत्तियां और माचिस भी वितरित कीं। सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ फुलझड़ियां और अनार चलाकर दिवाली का जश्न मनाया। इस अवसर पर जिला प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेंद्र शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि मनोज मिश्रा, छविराम, अंकुर, संस्था की टीम से अंकुर मिश्रा, संजना, दिव्या, गरिमा, अंजू, चांदनी मौजूद रहे।