फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने शनिवार को साहबगंज गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गोशाला में गंदगी व गोवंश कमजोर मिलने पर नाराजगी जताई। सीडीओ ने प्रतिदिन गोवंश को हरा चारा व भूसा-दाना खिलाने का वीडियो डालने के निर्देश दिए।
कायमगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस से वापस आने के दौरान सीडीओ अरविंद कुमार मिश्र नवाबगंज ब्लाक क्षेत्र की गोशाला साहबगंज पहुंचे। वहां गोशाला व तालाब में गंदगी देख सीडीओ ने गो पालकों की फटकार लगाई। सचिव मानेंद्र प्रताप को बेहतर सफाई कराने के निर्देश दिए। सचिव ने बताया कि गोशाला में 532 गोवंश हैं। इनके लिए आठ गो पालक कार्यरत हैं। इनमें 6 गोपालक दिन में जबकि दो गो पालक रात में रहते हैं। दो गोवंश बीमार देख सीडीओ ने फोन कर पशु चिकित्सक को इलाज करने के निर्देश दिए। कुछ गोवंश कमजोर होने पर प्रधान को सही चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मौके पर गोवंश को भूसा व हरा चारा खिलाया जा रहा था। करीब 260 क्विंटल भूसा का भंडारण बताया गया।
सीडीओ ने कहा कि गोशाला की सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही व्यवस्थाएं ठीक कराएं। गोशाला के पास खाली पड़ी भूमि पर हरा चारा बोया जाए। उन्होंने प्रतिदिन गोवंश को दाना-भूसा खिलाने का वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान बीडीओ गगनदीप सिंह आदि मौजूद रहे।