आर्यावर्त ग्रामीण बैंक नीबकरोरी में शुक्रवार दोपहर 1 बजे ही कैश खत्म होने से गुस्साए ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा होते देख शाखा प्रबंधक ने चैनल में ताला डलवाकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शाखा प्रबंधक से बातचीत कर ग्रामीणों को शांत कराया। कोई ग्राहक बेटे की तो कोई बेटी की शादी के लिए रुपये निकालने आया। कैश खत्म होने पर इन लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
आर्यावर्त ग्रामीण बैंक नीबकरोरी में शुक्रवार दोपहर कैश खत्म हो गया। इस पर ग्राहकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होने की सूचना पर पुलिस ने चैनल खुलवाया और शाखा प्रबंधक घनश्याम दास से बातचीत की। प्रबंधक ने बताया कि दो लाख रुपये गुरुवार शाम को आए थे, जो शुक्रवार को दोपहर 1 बजे तक खत्म हो गए। प्रधान नेत्रपाल यादव और सतेंद्र यादव ने कहा कि दो-तीन दिन से आ रहे हैं लेकिन पैसे नहीं मिल रहे।
अफसाना बेगम पत्नी शकील मोहम्मद निवासी नीबकरोरी ने बताया कि उसकी पुत्री शबीना बानो की 27 नवंबर को शादी है। 20 हजार रुपये का विड्राल भरकर दिया लेकिन रुपये खत्म होने की बात कह दी गई। रजिया पुत्री युसूफ सिद्दीकी निवासी नीबकरोरी ने बताया कि 2 दिसंबर को शादी है। 18 हजार रुपये का विड्राल भरकर दिया लेकिन रुपये नहीं मिले। बैंक में रुपये निकालने आए राम लाल ने बताया कि चार दिन से चक्कर लगा रहा हूं।
सुबह आकर बैंक की लाइन में लग जाता हूं बैंक के काउंटर पर पहुंचने पर कैश नहीं है बता दिया जाता है।
भूरे सिंह यादव ने बताया कि उनके बेटे संदीप गुप्ता की बारात शुक्रवार को जानी है। 10 हजार रुपये निकालने आए लेकिन नहीं मिले। अंशू निवासी नीबकरोरी ने भी यही शिकायत की। उधर, गांव मदनपुर में स्टेट बैंक का एटीएम बंद था। गार्ड संजीव शर्मा ने बताया कि कैश न होने के चलते एटीएम बंद कर दिया गया।