कंपिल। बिजली बोर्ड में शार्ट सर्किट से लगी आग से 1.95 लाख की नकदी सहित तीन लाख का सामान व जेवर जल कर राख हो गए। घटना के दौरान परिवार के लोग धान के खेत में काम कर रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव निजामउद्दीनपुर निवासी बहोरन उर्फ ओम प्रकाश राजपूत रविवार की सुबह परिजनों के साथ खेत में धान की फसल की देखरेख करने गए थे। घर में कोई नहीं था। घर में लगे बिजली के बोर्ड में शार्ट सर्किट से अचानक लगी आग ने छप्पर को चपेट में ले लिया। कुछ देर में ही आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। आस पास के लोगों ने बहोरन के यहां आग देखकर उसको जानकारी दी। बहोरन परिजनों के साथ मौके पर आए और ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाने में जुट गए।
आग से अलमारी में रखे 1.95 लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े व अन्य सामान राख हो गया। ग्रामीणों ने पानी व मिट्टी डालकर लगभग दो घंटे में आग को बुझा दिया। बहोरन ने बताया कि लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर हल्का के लेखपाल ने मौके पर जाकर नुकसान का आकलन किया।