अमृतपुर। खेत में लगे तार में बिजली का करंट आने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बालक को करंट से बचाने में युवक की जान चली गई थी।
थाना क्षेत्र के गांव गुडेरा निवासी शिशुपाल ने गांव के रनवीर व कमलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि 23 जून की शाम को नातिन प्रांजलि, चचेरे भाई अंश के साथ खेत में जा रही थी। गांव के रनवीर व कमलेश ने खेत में लगे तार में करंट दौड़ा रखा था। रास्ते में अंश का पैर फिसल गया। वह तार के करंट से चिपक गया। प्रांजलि के शोर मचाने पर गांव का अवनीश खेत से भागकर मौके पर आया। उसने अंश को बचा लिया, लेकिन करंट लगने से वह तार में चिपक गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था।
इसमें करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि करंट से युवक की मौत के मामले में दो किसानों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।