फर्रुखाबाद। उधार दिए गए रुपये मांगने से गुस्साए साधन सहकारी समिति के एकाउंटेंट और कर्मचारी ने पूर्व अध्यक्ष पर हमला बोल दिया। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मऊदरवाजा थाने के गांव बाबरपुर निवासी देशराज सिंह यादव ने राजन नगला न्यू कालोनी निवासी साधन सहकारी समिति बरौन के एकाउंटेंट मुकेश यादव और नवाबगंज के दुर्गा नगला निवासी चतुर्थ श्रेणी कर्मी योगेंद्र सिंह यादव पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि वह समिति के पूर्व अध्यक्ष और खाताधारक हैं। पांच जून की सुबह दोनों कर्मी वसूली के लिए आए।
उन्होंने बकाया 99 हजार रुपये तुरंत जमा करने को कहा। उन्होंने 30 जून तक जमा करने का भरोसा दिया। चूंकि वर्ष 2018 में मुकेश यादव ने मकान निर्माण के लिए 55 हजार रुपये उधार लिया था। उन्होंने रुपये वापस मांगा। इससे गुस्साए आरोपियों ने गाली-गलौज कर हाथापाई कर दी। वृद्धावस्था होने की वजह से वह बचाव करता रहा। चीख-पुकार सुनकर पुत्र और परिजन आए। इस पर दबंगों ने डंडों से हमला कर पुत्रों व उसे घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तो कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।