अमृतपुर। कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले ग्रामीण के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के गांव कुबेरपुर कुड़रा के मजरा लक्ष्मणपुर निवासी रामवीर ने गांव के गुड्डृ, मान सिंह गांव डाडीपुर निवासी सचिन के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि इन लोगों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। कोर्ट में पीड़िता ने अलग-अलग बयान दर्ज कराए और घटनास्थल कई बार बदला। सचिन के घटना में शामिल नहीं होने की बात बताई। वादी रामवीर ने अन्य आरोपियों को पुरानी रंजिश के तहत फंसाने के लिए मुकदमे में नाम दर्ज कराने की बात कोर्ट में बताई।
कोर्ट ने पूरे मामले में सुनवाई के बाद दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने पर वादी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। दरोगा कल्लू सिंह ने रविवार को मुकदमे के वादी रामवीर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।