फर्रुखाबाद। शादी के नाम पर 15 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एसपी के आदेश पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें आरोप लगाया कि रुकाई के बाद वर पक्ष के लोगों ने दो लाख रुपये व बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर रिश्ता तोड़ दिया।
जनपद कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ गांव मदनपुर निवासी अनुज कुमार ने एसपी विकास कुमार के आदेश पर कोतवाली फतेहगढ़ के गांव कछुआगाढ़ा निवासी अमर सिंह यादव, धमेंद्र सिंह, गौरव सिंह, जगन्नाथ सिंह, ज्योति, गौरव सिंह की पत्नी व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि बहन रुचि के लिए वर की तलाश कर रहा था। अमर सिंह यादव से उसकी मुलाकात हुई। उसने बताया कि वह सेना में नौकरी कर रहा है।
शादी की बात करने पर अमर सिंह ने लड़की देखने के बाद रिश्ता तय करने की बात कही। अमर सिंह व उसके परिजनों ने बहन को देखने के बाद 15 लाख रुपये में रिश्ता तय कर लिया। 14 मई को रुकाई की रस्म में अदा कर 15 लाख रुपये दे दिए। 27 नवंबर को शादी की बात तय हो गई। बहन की शादी के लिए 51 हजार में गेस्ट हाउस भी बुक दिया। अमर सिंह बहन से मोबाइल पर चैटिंग करता रहा। 23 अगस्त को ससुरालीजनों ने दहेज में दो लाख व बाइक की मांग की।
रुपये देने से इन्कार करने पर ससुरालीजनों ने शादी करने से मना कर दिया। परिवार वालाें से इस संबंध में बात की तो उन्होंने ऐसी जगह बहन की शादी करने से मना कर दिया। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।