फर्रुखाबाद। पकड़े गए गोवंश को छुड़वाने व हाथापाई के मामले में पूर्व सैनिक सहित 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। मारपीट में पुलिस ने पूर्व सैनिक के पुत्र सहित दो का शांतिभंग में चालान किया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रवींद्र कुमार ने फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी पूर्व सैनिक पिंटू यादव, हाथी, बब्बन व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि लिपिक बृजेंद्र सिंह व विजय शुक्ला कर्मचारियों के साथ कैटर कैचर से निराश्रित गोवंशों को बुधवार को पकड़ रहे थे।
ऑफीसर्स कॉलोनी के मोड़ के पास पूर्व सैनिक सहित यह लोग आए और पकड़े गोवंशों को जबरन छुड़वा लिया। हाथापाई कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। गुरुवार को पूर्व सैनिक के पुत्र करन यादव का मोहल्ले के पट्टन से मुकदमा दर्ज करवाने में सहयोग करने को लेकर झगड़ा हो गया। सूचना पर पहुंचीं सिविल लाइन चौकी इंचार्ज रक्षा सिंह ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया।