- जिले में आसान नहीं होगी पीईटी परीक्षा, सफर में कई चुनौतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। पीईटी परीक्षा से बेसुध पुलिस ने गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट कर दिया। इससे पीईटी परीक्षा देने के लिए आने वाले परीक्षार्थियों को सफर में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
आगामी छह और सात सितंबर को जनपद के 20 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा का आयोजन होगा। इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर लीं हैं। परीक्षा के लिए केंद्रों पर सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा कक्ष निरीक्षकों सहित प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों की डयुटी लगाई गई है। इसके उलट श्री गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए पुलिस प्रशासन ने रोडवेज बसों को भी डायवर्ट कर दिया है। पांचाल घाट पुल की मरम्मत के चलते पहले से ही पुल पर दिन में भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया जा चुका है। बसों के आवागमन पर प्रतिबंध लगने के बाद अब पीईटी परीक्षा के लिए जिले में आने वाले परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। पुलिस विभाग की ओर से रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट करने पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का हवाला दिया गया है।
यातायात प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद के अधिकांश इलाकों से गणेश जी की मूर्ति को पांचाल घाट पर विसर्जन के लिए लाया जाता है। यहां पर भीड़ होने के चलते यातायात बाधित रहता है। इसको देखते हुए बसों को डायवर्ट करने के निर्देश अधिकारियों ने दिए हैं। सात सितंबर तक रूट डायवर्ट रहेगा।
विसर्जन के दौरान कन्नौज से होकर गुजरेंगीं बसें
श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर शाहजहांपुर, हरदोई जनपद की ओर से आने वाली सभी बसों के मार्ग परिवर्तित कर दिए गए हैं। जारी डायवर्जन के अनुसार चार से सात सितंबर तक शाहजहांपुर और हरदोई से आने और जाने वाली बसें पांचाल घाट से न होकर फर्रुखाबाद से कमालगंज, गुरसहायगंज, मेंहदीपुर घाट पुल कन्नौज से होकर गुजारीं जाएंगीं
पुलिस भर्ती में छूट चुकी है कईयों की परीक्षा
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पीलीभीत, लखनऊ से वाया हरदोई होकर आने वाले कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट चुकी है। परीक्षार्थियों ने बताया था कि गंगा पुल पर जाम लगने से वह करीब तीन घंटे तक फंसे रहे थे।