अवैध बूचड़खाना बंद कराने का अभियान पहले दिन सिर्फ खानापूरी बन गया। जरारी क्षेत्र में चल रहे अवैध बूचड़खानों पर पुलिस ने पर्याप्त फोर्स न होने का हवाला देकर कार्रवाई नहीं की। इधर, सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद नगर पालिका ने अपना बूचड़खाना बंद कर दिया।
शासन के निर्देश पर बुधवार को नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे बूचड़खाने को अधिशासी अधिकारी रोली गुप्ता ने बंद करा दिया। उन्होंने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। वहीं दूसरी तरफ फतेहगढ़ कोतवाल अनूप निगम ने याकूतगंज में छापा मारा
लेकिन वहां उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा। इधर, चर्चा है कि जहानगंज थाना क्षेत्र के तीन गांवों में बूचड़खानों को बंद कराने के लिए स्थानीय पुलिस बवाल की आशंका से छापा मारने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी उमेश शर्मा ने बताया कि इन गांवों में छापे मारने के लिए अतिरिक्त फोर्स की जरूरत है। पर्याप्त फोर्स होने के बाद ही वहां छापा मारा जाएगा।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ छापेमारी की जाएगी। इसके लिए उनकी एसपी से बात हो चुकी है। शीघ्र ही टीम का गठन कर लिया जाएगा।
प्रकाश बिंदु, जिलाधिकारी
जिलाधिकारी से इस संदर्भ में बात हो चुकी है। शीघ्र ही छापामार अभियान चलाया जाएगा। महकमे के अधिकारियों व थानेदारों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसी भी स्थान पर अवैध बूचड़खाने को नहीं चलने दिया जाएगा।