फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गैसिंगपुर बिजली उपकेंद्र की 33केवी लाइन की केबल जलने से नौगवां उपकेंद्र भी ठप हो गया। इससे दोनों उपकेंद्रों से जुड़े करीब 160 से अधिक गांव की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में लोग उबलते रहे। देर रात तक मरम्मत कार्य चलता है। बिजली न मिलने से 160 गांव की करीब एक लाख आबादी प्रभावित हुई।
गांव निसाई स्थित 220 केवी उपकेंद्र से कुछ दूरी पर गैसिंगपुर बिजली उपकेंद्र की 33 केवी का ओवरहेड बना है। इसी 33केवी लाइन से नौगवां बिजली उपकेंद्र को भी बिजली आपूर्ति की जाती है। शाम करीब चार बजे आग लगने से 33केवी लाइन की केबल जलने लगा।
इससे गैसिंगपुर व नौगवां उपकेंद्र ठप हो गए। इससे गैसिंगपुर उपकेंद्र से जुड़े गांव निसाई, मुड़गांव, गैसिंगपुर, कुरेली, मतापुर, अलीदादपुर, नगला समई, ऊगरपुर सहित करीब 80 गांव की बिजली गुल हो गई।
वहीं नौगवां उपकेंद्र से जुड़े गांव नसरतपुर, बहादुरपुर, नौगवां, नगरिया, करीमनगर, देवधरापुर, टाड़ा बहरामपुर सहित 80 से अधिक गांवों की बिजली ठप हो गई। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से गांव के लोग खासे परेशान रहे। इसके साथ ही किसानों के नलकूप न चल पाने से फसलों की सिंचाई भी बाधित रही। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रिपिंग, फाल्ट से बिजली व्यवस्था वैसे भी बेपटरी चल रही है। बिजली कर्मचारी देर रात तक केबल की मरम्मत करने में जुटे रहे।
अवर अभियंता कैलाश पाठक ने बताया कि आग लगने से केबल जलने में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आशंका है कि किसी व्यक्ति ने जलती हुई बीड़ी या सिगरेट झाड़ियों में डाल दी। इसी वजह से आग लग गई। केबल की मरम्मत कराई जा रही है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास है।