फर्रुखाबाद। सरकार आने वाले दिनों में कायमगंज व शमसाबाद बस अड्डों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के नाम पर करेगी। शासन का आदेश मिलने के बाद एआरएम ने कायमगंज की विधायक को पत्र लिखकर प्रस्ताव मांगे हैं। इससे लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत होगी।
राज्य सड़क परिवहन निगम ने 20 जून को पत्र भेजकर अमृत महोत्सव की कार्ययोजना के तहत जिले के कायमगंज और शमसाबाद बस अड्डों का नामकरण क्रांतिकारियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम का प्रस्ताव मांगा था। इसी का अनुपालन करते हुए एआरएम राजेश कुमार ने कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि गंगवार को एक पत्र लिखा। जिसमें कहा कि निगम के प्रबंध निदेशक ने कायमगंज और शमसाबाद बस अड्डों के नाम क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से करने की इच्छा जताई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट सुभाष चंद्र प्रजापति की देखरेख में हुई बैठक में भी प्रस्ताव मांगे जा चुके हैं। उन्होंने विधायक से कहा कि क्षेत्र में स्वतंत्रता से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को देखते हुए क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम भेजें, ताकि उच्चाधिकारियों के माध्यम से निगम को प्रस्ताव भेजे जा सकें। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि प्रस्ताव मांगे गए हैं। शीघ्र ही स्थानीय स्तर पर कार्रवाई पूरी करके भेजे जाएंगे।
एक साल पहले फर्रुखाबाद बस अड्डा का जा चुका प्रस्ताव
एक साल पहले फर्रुखाबाद बस अड्डा का प्रस्ताव मांगा गया था। उसमें जिलाधिकारी के माध्यम से पूरी कार्रवाई करके क्रांतिकारी पं. रामनारायण आजाद के नाम का प्रस्ताव जा चुका है। अभी तक इसकी घोषणा नहीं हुई है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि शासन की मंशा पूरे प्रदेश में सभी बस अड्डों का एक साथ नामकरण करने की है। गणतंत्र दिवस तक घोषणा होने की उम्मीद है।