फर्रुखाबाद। देश विदेश में प्रसिद्ध नीबकरोरी धाम और संकिसा पर्यटन स्थल को अयोध्या से बस सेवा शुरू करने को अंतिम रूप दे दिया गया। एआरएम ने बस चलाने के लिए टाइमटेबल बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। बस सेवा शुरू होने से रामभक्तों के साथ डिपो को भी खासा फायदा होगा।
जिले में बौद्ध तीर्थ संकिसा और बाबा नीबकरोरी धाम की देश विदेश में खासी ख्याति है। यहां रोजाना दूर दराज से हजारों भक्तों का पहुंचना होता है। इन दिनों जिले से बड़ी संख्या में रामभक्त अयोध्या जा रहे हैं। उनके लिए ट्रेन के अलावा कोई भी सीधी बस सेवा नहीं है। इस दिक्कत को देखते हुए एआरएम
अरविंद कुमार मिश्र ने नीबकरोरी धाम से अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर ली है। उन्होंने टाइमटेबल तैयार कर लिया है। इसकी स्वीकृति के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक के माध्यम से निगम को लखनऊ भेजा जाएगा।
एआरएम अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि उनकी मंशा है कि पर्यटन स्थल से राम जन्मभूमि को बस सेवा से जोड़ा जाए। हर हाल में अगले सप्ताह में नीबकरोरी से अयोध्या धाम के लिए बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।