कमालगंज के सिधौली गोशाला में जलता अलाव।
- फोटो : FARRUKHABAD
निराश्रित पशु व गोवंश आश्रयशालाओं में बुधवार को दिन में भी अलाव जलाए गए। ठंडी हवा से बचाव को टिन शेड के नीचे बाहर की ओर मोटी पन्नी लगाई गई है। पशु चिकित्साधिकारी ने गोशालाओं में जाकर गोवंश को सर्दी से बचाव के उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए केयरटेकर से सुधार करवाए।
विकास खंड में ग्रामीण क्षेत्र में 4 व नगर क्षेत्र में एक गोशाला है। पिछले सप्ताह बेमौसम बारिश के बाद अचानक शीतलहर चली। इससे गोवंश को सर्दी से बचाव का पर्याप्त उपाय न होने का मामला अमर उजाला ने उठाया। बुधवार को नगर पंचायत द्वारा संचालित गोशाला में भी दिन में अलाव जलाए गए।
ग्राम पंचायतों द्वारा संचालित गोशालाओं में भी पूरे समय अलाव की व्यवस्था की गई। खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल ने बताया कि सिंधौली गोशाला में इस समय 80 से अधिक गोवंश हैं। उनके चारे आदि की व्यवस्था के लिए एक लाख रुपये आ गए हैं।
भरतामऊ की गोशाला के लिए भी एक लाख मिल गए हैं। चौकी महमदपुर व महमदपुर अचला के लिए 50-50 हजार आए हैं। भूसा आदि की कोई कमी नहीं है। पशु चिकित्साधिकारी रमेश चंद्र शाक्य ने बताया कि गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी ठीक हैं।