कंपिल। बिजली गिरने से मकान का लिंटर चटक गया। तेज धमाके की आवाज से दो महिलाएं भी बेहोश हो गईं। 24 से अधिक घरों में हाईवोल्टेज करंट आने से बल्ब फूट गए और एक भैंस झुलस गई।
गांव लोधीपुर में शनिवार को दोपहर करीब एक बजे बारिश हो रही थी। अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ आशिक अली के मकान की छत पर बिजली गिरी। इससे छत पर लगा वाईफाई का बाक्स टूट गया, लिंटर में दरारें पड़ गईं।
धमाके की आवाज से घर में काम कर रही आशिक अली की पत्नी नसरीन (30) और पड़ोसी चमन की पुत्री खुशनुमा (18) बेहोश होकर गिर पड़ीं। मकान के पास एलटी विद्युत लाइन का पोल लगा था। इससे हाईवोल्टेज करंट 24 से अधिक घरों में दौड़ गया।
घरों की बिजली लाइन से तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली। इससे घरों में मौजूद लोग चीखते हुए भागे। चिंगारी गिरने से सत्यराम की भैंस झुलस गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बेहोश नसरीन और खुशनुमा का रुदायन के निजी डाक्टर के यहां उपचार कराया। सूचना पर एसओ दिग्विजय सिंह और लेखपाल ने घटना की जांच की।
नसरीन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD