कंपिल। क्षेत्र के गांव होतेपुर में शनिवार रात चोरों ने दीवार में नकब लगाकर नकदी, जेवर पार कर दिए। कमरे में रखा 10 किलो देसी घी भी उठा ले गए। पुलिस ने जांच की। तहरीर मिलने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
गांव होतेपुर निवासी राधेश्याम रात में परिजन के साथ घर में सो रहे थे। घर के पीछे दीवार में नकब लगाकर चोर कमरे में घुस गए। कमरे से चोर एक जोड़ी पायल, सोने के कुंडल, 18 हजार रुपये आदि सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में पड़ोस के लोगों की भीड़ लग गई। खोजबीन करने पर घर के पीछे खेत में बक्सा पड़ा मिला। नकदी व सामान गायब था। कपड़े बिखरे पड़े थे। राधेश्याम ने बताया कि घर से करीब एक लाख की चोरी हुई है। उन्होंने घटना की तहरीर थाने में दी। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।