फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के मोहल्ला बनखड़िया में बिना लेआउट पास कराए अवैध रूप से की गई प्लाटिंग पर शुक्रवार को बुलडोजर चल गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बिना नक्शा भवन निर्माण के लिए भराई गई नींव व बाउंड्रीवाल जेसीबी से तुड़वा दी।
मोहल्ला बनखड़िया में गाटा संख्या 182 पर बिना ले आउट पास कराए प्लाटिंग करने के मामले में वर्ष 2020 में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय से नोटिस जारी किया गया था। इस पर डीएम के पास अपील की गई। 19 मई को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अपील खारिज कर दी। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह, कोतवाल सचिन कुमार सिंह, लेखपाल गौरव अग्निहोत्री, नगर पालिका के कर्मचारियों व दो जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर जेसीबी से प्लाटों पर भरी गईं नींव और दीवारें गिरवा दी गई।
मौके पर महिलाओं की भीड़ लग गई। पुलिस भीड़ को जेसीबी से दूर रहने की हिदायत देते हुए हटाती रही। इस भूखंड का क्षेत्रफल करीब पांच बीघा बताया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने बताया कि संतोष कुमार व सुशीला देवी ने उनकी भूमि पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायत की थी। 15-20 प्लाटों पर अवैध निर्माण था। करीब ढाई वर्ष पूर्व नोटिस जारी होने के बावजूद अवैध प्लाटिंग करने के मामले में निर्माण ध्वस्त कराया गया है।