फोटो-1 गोवंश टकराने के बाद खड़ी मालगाड़ी। स्रोत: जागरूक पाठक
फर्रुखबाद। कानपुर से कासगंज की ओर जा रही मालगाड़ी से कादरीगेट थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड के पास सांड़ टकरा गया। सांड़ इंजन के अगले पहिये में इस कदर फंसा कि कई बार ट्रेन को आगे पीछे करना पड़ा। करीब पौन घंटे तक ट्रैक बाधित रहा।
फतेहगढ़ स्टेशन से चलकर मालगाड़ी शाम करीब सवा चार बजे मिशन कंपाउंड के पास पहुंची। लाइन घुमावदार होने के चलते चालक कुछ दूरी पर खड़े सांड़ को नहीं देख सका। इससे सांड़ इंजन से टकरा गया। चालक ने जब तक ट्रेन रोकने का प्रयास किया, तब तक करीब 60 मीटर दूर तक सांड़ घिसटता चला गया। लोको पायलट ने कई बार ट्रेन को आगे पीछे कर शव निकालने का प्रयास किया। इसके बाद कई ट्रैकमैन को बुलाया गया। बमुश्किल शव बाहर निकाला गया। करीब 45 मिनट बाद मालगाड़ी कासगंज की ओर रवाना हो सकी। जीआरपी थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मालगाड़ी के सामने एक सांड़ आ गया था। इंजन के पहिये में फंसने से पौन घंटे बाद मालगाड़ी रवाना हो सकी।