फर्रुखाबाद। दो परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों के निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करना सेवानिवृत्त शिक्षक को महंगा पड़ेगा। बीएसए लाल जी यादव ने भवन प्रभारी रहे सेवानिवृत्त शिक्षक से वसूली करने का आदेश डीसी निर्माण को दिया है।
विकास खंड बढ़पुर के गांव बरौन में 19 फरवरी को डीएम की जन चौपाल लगी थी। चौपाल के बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय बरौन का निरीक्षण किया था। वर्ष 2006-07 में शिक्षक रामकुमार मिश्रा ने यहां अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया था। डीएम को इन कमरों की फर्श टूटी और लिंटर चटका और लटका मिला था। ये कमरे कभी भी गिर सकते हैं।
26 फरवरी को राजेपुर के गांव सरह में जन चौपाल डीएम की अध्यक्षता में हुई थी। डीएम ने इस गांव में बने प्राथमिक विद्यालय सरह प्रथम व द्वितीय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरह का निरीक्षण किया था। इन तीनों में मेन्यू के अनुसार भोजन न बनने और शिक्षकों के नियमित विद्यालय न आने की शिकायत गांव के लोगों ने की थी।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरह में साफ सफाई नहीं थी। जमीन में कई जगह गड्ढे हो गए हैं। विद्यालय परिसर में अतिरिक्त कमरो का निर्माण रामकुमार मिश्रा ने कराया था। निर्माण में मानक की अनदेखी की गई थी। अतिरिक्त कमरों में प्रधान ने अपना सामान रखकर ताला डाल रखा है।
अतिरिक्त कमरे जर्जर हो गए हैं। इससे आज तक कमरों में बच्चों को नहीं बैठाया गया। डीएम के आदेश पर बीएसए ने सेवानिवृत्त हुए शिक्षक रामकुमार मिश्रा से कमरों की धनराशि वसूल करने की कार्रवाई करने का आदेश डीसी निर्माण को दिया है।