गंगा स्नान के बाद पूजन अर्चन करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने स्नान दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भारी भीड़ के चलते दिन भर गंगा पुल पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस फोर्स न होने के कारण राहगीर पुलिस प्रशासन को कोसते दिखे।
शनिवार को रात से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह होते-होते सड़कों पर पैदल व वाहनों का रेला उमड़ पड़ा। गंगा स्नान करने आई भारी भीड़ के कारण मसेनी चौराहे से लेकर चाचूपुर तक जाम की स्थिति बनी रही। सात किलोमीटर लंबे जाम में फंसकर लोग गर्मी से बिलबिलाते रहे।
एक्सीडेंट के घायलों को लेकर आ रही 108 समाजवादी एम्बुलेंस भी दो घंटे तक जाम में फंसी रही। गंगा में डुबकी लगा श्रद्धालुओं ने मोक्ष की कामना की। मनौती पूरी होने पर श्रद्धालु गंगा में पहनावन करते दिखे। गंगा स्नान कर लोगों ने मां गंगा की आरती उतार प्रसाद चढ़ाया। जगह-जगह कथाओं का सिलसिला चलता रहा।
घरों से पूजा की अपशिष्ट सामग्री लोगों ने गंगा में बहाई। गंगा स्नान करने के ट्रेन से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ स्टेशन पर जमा रही। इससे पूरे समय अफरा-तफरी का माहौल रहा। भारी भीड़ के चलते चोर उचक्कों की पौबारह रही। चोरों ने कई यात्रियों की जेबें काटी तो कई का सामान पार कर दिया। जीआरपी की सुरक्षा व्यवस्था फेल रही।