कन्नौज। कई गंभीर विचाराधीन मामलों के आरोप में मैनपुरी जेल में बंद फर्रुखाबाद निवासी बसपा नेता और गैंगस्टर अनुपम दुबे की सीजेएम न्यायालय में गुरुवार को पेशी हुई। बसपा नेता को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में लिया गया है। गोपनीय ढंग से हुई पेशी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम को मैनपुरी जेल से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मवीर सिंह की अदालत में पेश किया गया। बसपा नेता के खिलाफ छिबरामऊ के मोहल्ला बस्तीराम निवासी राधा चौहान पत्नी राजेश चौहान ने वर्ष 2022 में जबरन वसूली आदि की धाराओं में मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा फर्रुखाबाद में भी कई मामले दर्ज हैं। मामले की विवेचना एसआई पारुल चौधरी कर रही हैं।
गुरुवार को 15 मिनट की पेशी के दौरान सीजेएम ने विवेचक से सवाल किए। उधर, बचाव पक्ष ने भी दलीलें दीं। कहा, पुराने मामले हैं, अब न्यायालय में पेश कर जबरन धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। 11 मई को सीजेएम कोर्ट में फिर से पेशी होगी। अभियोजन अधिकारी रविंद्र पचौरी ने बताया कि जमानती वारंट में अनुपम दुबे की पेशी हुई थी। सीजेएम ने सुनवाई के बाद अगली तारीख लगा दी है।