फर्रुखाबाद। बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ब्लाक प्रमुख भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह करवाचौथ पर पत्नी से मिलने ससुराल जा रहा था। ब्लाक प्रमुख धोखाधड़ी के मुकदमे में फरार चल रहा था।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे गैंगस्टर के मामले में मैनपुरी जेल में बंद है।
उसके मोहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन के खिलाफ शहर कोतवाली में धोखाधड़ी के तीन, मोहम्मदाबाद कोतवाली में एक व मारपीट का एक मुकदमा फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज है।
शहर कोतवाली के तीन मुकदमों में अमित दुबे फरार था। एसपी अशोक कुमार मीणा ने ब्लाक प्रमुख की गिरफ्तारी को लेकर एसओजी व शहर कोतवाली पुलिस को लगाया था। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर गुरुवार रात 11 बजे एटा के मलावन टोल प्लाजा से एसओजी ने कार सवार अमित दुबे को पकड़ लिया।
वह करवाचौथ पर जनपद कासगंज में अपनी पत्नी के पास ससुराल जा रहा था। एसओजी ने ब्लाक प्रमुख को शहर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख अमित दुबे को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कार के प्रपत्र न दिखाने पर उसे सीज कर दिया गया।
शहर कोतवाली के पांचाल घाट निवासी पवन ब्लाक प्रमुख के साथ कार में पकड़ गया।
पुलिस ने उसका आपराधिक रिकॉर्ड निकलवाया, लेकिन उसके खिलाफ जनपद के किसी थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं था।
पूछताछ में पवन ने बताया कि वह ब्लाक प्रमुख के घरेलू काम करता था। शुक्रवार को पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।