सदर में बसपा की वत्सला अग्रवाल ने भाजपा की मिथलेश अग्रवाल को 19 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। वत्सला अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहीं। भाजपा ने नगर पालिका कायमगंज के अलावा नगर पंचायत शमशामबाद और कमालगंज सीट पर कब्जा किया। मोहम्मदाबाद व कंपिल में सपा विजयी रही। कांग्रेस कहीं भी लड़ाई में नहीं रही, ज्यादातर जगह उसके प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई।
जिले की दो नगर पालिका और चार नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम शुक्रवार शाम घोषित कर दिए गए। प्रतिष्ठित फर्रुखाबाद नगर पालिका में हाथी शुरू से लेकर अंत तक सबसे तेज दौड़ा। बसपा प्रत्याशी और निवर्तमान अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने भाजपा की मिथलेश अग्रवाल को 19232 वोटों से हराया। वत्सला को 50679 और भाजपा की मिथलेश को 31447 वोट मिले। वत्सला अग्रवाल ने पहले ही राउंड से 5372 वोटों की बढ़त बना ली थी। इसके बाद उनकी जीत का अंतर बढ़ता ही चला गया। पूर्व अध्यक्ष और सपा प्रत्याशी दमयंती सिंह 16619 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस प्रत्याशी हाजी मुहम्मद अहमद सहित अन्य प्रत्याशियों की जमानत ही जब्त हो गई। हाजी मुहम्मद अहमद को 6610 वोट ही मिल पाए। आप की रेनू कटियार को 1092 और रालोद के रवींद्र को महज 635 वोट ही मिले।
नगर पालिका कायमगंज की सीट पांच साल बाद फिर भाजपा की झोली में आ गई। यहां से पार्टी प्रत्याशी सुनील चक ने सपा के जयसिंह को 1795 वोटों से हराया। सुनील चक को 6103 और जयसिंह को 4308 वोट मिले। बसपा के बागी 2016 वोट के साथ निर्दलीय डा सुनीत सिद्धार्थ तीसरे स्थान पर रहे। शमशामबाद और कमालगंज नगर पंचायत की सीट भी भाजपा की झोली में गई। शामशाबाद में निर्वतान चेयरमैन विजय गुप्ता की मां कृष्णा गुप्ता ने सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फरुखी की पत्नी शाहला फरुखी को 1091 वोट से हराया। कृष्णा गुप्ता को 7041 व शाहला फरुखी को 5950 वोट मिले। बसपा की इरशाद बी को 2420 और कांग्रेस की फरहा जफर 2415 को वोट मिले।
कमालगंज में भाजपा की प्रीती माहेश्वरी विजयी रहीं। उन्होंने निर्वतान अध्यक्ष राजबेटी शंखवार को 719 वोटों से हराया। प्रीती को 2780 और राजबेटी को 2061 वोट मिले। सपा की शमा परवीन को 786 और बसपा की रेनू मिश्रा को 335 वोट मिले। कंपिल में निर्वतान अध्यक्ष और सपा प्रत्याशी उदयपाल यादव ने जिले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। यहां कुल पड़े 6431 वोट में उदयपाल को 3740 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस के रावेज खां को 2901 वोट से शिकस्त दी। यहां उदयपाल सभी 21 प्रत्याशियों की जमानत जब्त करा दी। यादवों के गढ़ मोहम्मदाबाद में लगातार पांचवीं बार यादव बिरादरी का नगर पालिका अध्यक्ष चुना गया। सपा के हरीश यादव ने भाजपा के बृजेश दुबे को 640 वोट से हराया। यहां सपा को 3156, भाजपा को 2516, बसपा को 1492 और कांग्रेस को महज 63 वोट मिले।