बीएसएनएल कर्मचारियों ने आठ सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को लालगेट स्थित कार्यालय परिसर में धरना देकर तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा कर दी। इस दौरान उन्होंने आउट सोर्सिंग के माध्यम से संचालन प्रक्रिया का विरोध कर जमकर नारेबाजी की।
आल यूनियन एंड एसोसिएशन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बीएसएनएल कर्मचारियों ने सुबह से कामकाज नहीं किया। यूनियन अध्यक्ष जेपी नारायण, प्रवक्ता भानुप्रताप सिंह व संयोजक एसके अग्निहोत्री की अगुवाई में लालगेट स्थित बीएसएनएल कार्यालय में सभी कर्मचारी दरी बिछाकर बैठ गए और तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद सरकार की बीएसएनएल विरोधी नीतियों व एक खास कंपनी को लाभ पहुंचाने का विरोध किया गया। साथ ही 15 फीसदी फिटमेंट के साथ तीसरा पे रिवीजन, बीएसएनएल को 4जी स्पेक्ट्रम का आवंटन, भूमि प्रबंधन नीति का शीघ्र अनुमोदन सहित आठ मांगों को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान बृजेश कुमार, नाथूराम पाल, चक्रवर्ती समेत एक सैकड़ा कर्मचारी मौजूद रहे।