चार स्कूलों के शिक्षक गैरहाजिर, वेतन रोका
निरीक्षण में रुचि न लेने पर बीईओ से भी जवाब-तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। निरीक्षण के दौरान बीएसए को चार स्कूलों के शिक्षक गैरहाजिर मिले। इन शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। वहीं निरीक्षण में दिलचस्पी न लेने पर मोहम्मदाबाद के बीईओ को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए लालजी यादव ने बुधवार को मोहम्मदाबाद ब्लाक के प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिसमें प्राथमिक विद्यालय नगला सुभानखान, प्राथमिक विद्यालय कुसज्जापुर, प्राथमिक विद्यालय दाउदपुर, प्राथमिक विद्यालय हरकमपुर में कोई भी शिक्षक नहीं मिला। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर व प्राथमिक विद्यालय गाजीपुर का निरीक्षण किया। यहां शिक्षकों से कंपोजिट ग्रांट के लेखा जोख संबंधी अभिलेख व यूनिफार्म वितरण संबंधी प्रक्रिया देखी।
बीएसए लालजी यादव ने बताया कि चार विद्यालयों में एक भी शिक्षक नहीं मिला है। इन सभी विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन रोककर नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। विद्यालय से शिक्षकों के नदारद रहने की स्थिति में बीईओ मोहम्मदाबाद को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।