कायमगंज। ससुरालीजनों के मारपीट कर प्रताड़ित करने पर महिला ने पिता को फोन कर बुला लिया। समझौता कराने आए ससुर पर दामाद ने फायर झोंक दिया। ससुर ने दामाद, उसके पिता, मां और भाइयों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की नियत से फायर करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं, दामाद के पिता ने बहू के पिता, पत्नी, पुत्र, पड़ोसी सहित 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और फायर करने का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव मीरपुर के रमेश चंद्र तिवारी के पुत्र दुष्यंत ने कासगंज से आए अपने ससुर विलास चंद द्विवेदी पर बंदूक से फायर झोंक दिया। इससे वह बाल बाल बच गए। गोली सामने रहने वाले श्रीचंद्र की दीवार पर जाकर लगी।
श्रीचंद्र ने इसका विरोध किया तो दुष्यंत ने दूसरा फायर भी झोंक दिया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों ओर से आधा दर्जन फायर हुए। फायरिंग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुष्यंत को बंदूक सहित हिरासत में ले लिया। कोतवाली पहुंचे विलास चंद द्विवेदी निवासी नाथूराम चौक कासगंज ने अपने दामाद दुष्यंत, उसके पिता रमेश चंद्र, सास रीता देवी, भाई निशांत, प्रशांत और सुबोध के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इन्होंने बताया कि बेटी ऋचा की शादी दो माह पहले ही दुष्यंत के साथ की थी। शादी के बाद से ही दुष्यंत दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। शनिवार सुबह ऋचा ने फोन कर जानकारी दी कि उसे ससुरालीजन पीट रहे हैं। इस सूचना पर पत्नी और बेटे को लेकर वह सुबह 9.30 बजे मीरपुर पहुंचे। उनके पहुंचते ही दुष्यंत ने उन पर हमला कर दिया। पहले दामाद ने मारपीट की । इसके बाद बंदूक से फायर कर दिया।
पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमला की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, दुष्यंत के पिता रमेश चंद्र तिवारी ने विलास चंद्र, उनकी पत्नी, पुत्र व गांव के श्रीचंद्र सहित 6-7 अज्ञात के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने और फायर करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।