फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: बंधक बनाकर पीटे गए भट्ठा पार्टनर की इलाज के दौरान मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
नवाबगंज। मिट्टी खनन के विवाद में बंधक बनाकर पीटे गए ईंट भट्ठा पार्टनर की इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपावली के दिन हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल जयदेव राजपूत उर्फ दुर्विजय (48) ने बृहस्पतिवार रात कानपुर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजन ने भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बबलू खटिक और उसके भाइयों पर रंगदारी मांगने तथा विरोध करने पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

गांव रसूलपुर घुमइया निवासी जयदेव राजपूत उर्फ दुर्विजय सिकंदरपुर नैहरोसा स्थित शर्मा ईंट भट्ठे में पार्टनर थे। उन्होंने नैहरोसा गांव में अरविंद कुमार और सुरजीत कुमार से भट्ठे के लिए तीन बीघा मिट्टी खरीदी थी। इसकी रॉयल्टी भी जमा कर दी गई थी और खुदाई का काम शुरू होना था। नैहरोसा निवासी भारतीय किसान यूनियन का कार्यकर्ता बबलू खटिक जमीन पर खुदाई नहीं होने देने का दबाव बना रहा था।
परिजन के अनुसार, नौ नवंबर को जयदेव भट्ठे पर गए थे। वहां फोन पर बबलू खटिक से उनकी बातचीत हुई। इसके बाद वह अकेले बबलू के घर चले गए। वहां किसी बात को लेकर बबलू और उसके परिजनों ने उन्हें बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन

परिजन रात करीब 10 बजे जयदेव को लेकर नवाबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से परिजन उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल ले गए।
मृतक के पुत्र गौरव ने आरोप लगाया कि उसके पिता के साथ रंगदारी के विवाद में बबलू खटिक और उसके भाइयों ने मारपीट की थी। पुलिस ने घटना वाले दिन ही चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी। शुक्रवार को जयदेव का शव गांव पहुंचा तो पत्नी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के सात बच्चे हैं। तीन बेटियों सूरती, नीलम और शिल्पी की शादी हो चुकी है, जबकि ज्योति अविवाहित है। तीन बेटे सौरव, गौरव और नीलेश हैं।

ननिहाल में रहते थे जयदेव
मूल रूप से जनपद एटा के थाना नयागांव के सिमरा नगला निवासी जयदेव राजपूत खेती भी करते थे। नाना डंबल सिंह के कोई पुत्र न होने के कारण उनकी मां चंद्रावती अपने पति के साथ मायके में रहने लगी थीं। जयदेव दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई गांव में खेती करता है।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि नौ नवंबर को चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई थी। घायल की मौत के बाद धाराएं बढ़ाकर मुकदमे को तरमीम किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें