चोर गुरुवार की रात लाल सराय डाकघर का ताला तोड़कर कंप्यूटर और स्टेबलाइजर चोरी कर ले गए। दराज में रखी नगदी को इन्होंने नहीं छुआ। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की सूचना मिलने पर एएसपी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वायड टीम ने भी जांच की। खोजी कुत्ता चोरों की तलाशी में फेल साबित हुआ। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बूरा वाली गली निवासी प्रदीप वर्मा शहर के रेटगंज स्थित डाकघर में पोस्टमास्टर हैं। गुरुवार की रात चोरों ने डाकघर के लकड़ी के दरवाजे में लगे ताले को तोड़ दिए । डाकघर में घुसे चोर कंप्यूटर, सीपीओ, की बोर्ड, पांच किलो का स्टेबलाइजर, और पेट्रोल आदि चोरी कर ले गए।
शुक्रवार सुबह जब प्रदीप वर्मा डाकघर खोलने के लिए पहुंचे तो टूटे ताले देखकर यह सन्न रह गए। प्रदीप ने इसकी सूचना डाकघर के क्षेत्राधिकारी हरिओम त्रिपाठी को दी।
सूचना मिलने पर डाकघर के अधिकारी मौके पर आ गए। मामले की सूचना प्रदीप वर्मा ने कोतवाली में दी। मौके पर मौजूद मुंशी ने इन्हें चलता कर दिया।
मुंशी ने कहा कि इलाके के दरोगा के आने पर बता दिया जाएगा। कुछ समय बाद प्रदीप ने दोबारा कोतवाली जाकर एसएसआई मेघनाथ को तहरीर दी। इसे पुलिस ने रख लिया। काफी समय बाद एसएसआई मेघनाथ सिंह मौके पर पहुंचे । सरकारी विभाग से चोरी होने की जानकारी पर एएसपी रामभवन चौरसिया मौके पर पहुंचे।
एएसपी ने डॉग स्क्वायड और फिगर प्रिंट टीम को मौके पर बुलाया। खोजी कुत्ता आस्कर डाकघर के अंदर सामान सुंघकर इधर उधर टहलता रहा। आस्कर कोई सुराग नहीं दे सका। इस पर टीम वापस लौट गई। एएसपी ने शहर कोतवाल शिवमोहन सिंह को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदीप वर्मा ने बताया कि डाकघर में करीब आठ लीटर पेट्रोल रखा हुआ था। चोर उसे भी चुरा ले गए। यह पेट्रोल जनरेटर के लिए रख लिया जाता था। मालूम हो कि जिस जगह पर डाकघर है। वहीं पर रिक्शा एजेंसी भी है। यहां अराजकतत्वों का जमावाड़ा रहता है।
जनरेटर व नगदी छोड़ गए- डाकघर में चोरी के पीेछे कंप्यूटर डाटा को करप्ट करने की आशंका जताई जा रही है। चोरों ने केवल कंप्यूटर व स्टेबलाइजर ही चोरी किया। यहां जनरेटर भी रखा हुआ था। इसे चोर नहीं ले गए। दराज में करीब 1000 रुपये रखे हुए थे। इन्हें भी चोर नहीं ले गए। कंप्यूटर में डाकघर में जमा होने वाले पैसे का ब्यौरा दर्ज है।