गंगा का जलस्तर बढ़ने से पीडब्लूडी ने गुरुवार को ढाईघाट पर बने पैंटून पुल को तोड़ दिया है। पुल टूटने से बदायूं, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जिले के कई गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत होगी। हालांकि पीडब्लूडी ने छह नावें आवागमन के लिए ठेके पर लगा दी हैं।
ढाई घाट पर हर साल पीडब्लूडी की ओर से अस्थायी पैंटून पुल बनाया जाता है। इस पुल से शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और बदायूं सीमा से जुड़े करीबन 50 गांवों के लोग आवागमन करते हैं और जलस्तर बढ़ते ही पुल को तुड़वा दिया जाता है।
पीडब्लूडी की मानें तो बुधवार रात करीब डेढ़ से दो फीट गंगा का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते गुरुवार सुबह ही पीडब्लूडी ने मजदूरों को लगाकर पुल तुड़वाना शुरू कर दिया। पुल टूटने से आवागमन बंद कर दिया गया। हालांकि विभाग ने ठेकेदार किरन देवी से छह नावें गंगा नदी में चलवा दीं, जिससे ग्रामीणों ने आवागमन किया।
पीडब्लूडी के एई महिपाल सिंह ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से पुल तुड़वाया गया है। ग्रामीणों के आवागमन के लिए छह नावें चलवाई गई हैं। आवागमन की उतराई मुफ्त रखी गई है।